-
Advertisement
हिमाचल में बारिश से 102.38 करोड़ का नुकसान, 9 लोगों की गई जान
Last Updated on June 27, 2023 by sintu kumar
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने कहर बरपा दिया है। भारी वर्षा से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हुई है औऱ राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी तबाही हुई है। जगह -जगह लैंड स्लाइड, बादल फटने व बाढ़ आने से भारी नुकसान हुआ है। 24 जून से दो दिन में हिमाचल में 102.38 करोड़ का नुकसान हुआ है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक मानसून ने 24 जून को हिमाचल में प्रवेश किया था और बीते 48 घंटों में बारिश के चलते नौ लोगों की जान चली गई है जबकि लोग 14 घायल हुए हैं। मंडी, शिमला व सोलन में दो-दो, चम्बा, हमीरपुर व कूल्लु में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है
चार नेशनल हाइवे और 301 सड़कें अवरुद्ध
मूसलाधार बारिश की वजह से चार नेशनल हाइवे और 301 सड़कें अवरुद्ध हैं। लोकनिर्माण विभाग के मंडी ज़ोन में 97, शिमला जोन में 71, हमीरपुर जोन में 65 और कांगड़ा जोन में 64 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा नेशनल हाइवे अथॉरिटी के शिमला और शाहपुर में दो-दो नेशनल हाइवे भी भूस्खलन से अवरुद्ध हैं। वर्षा से राज्य में 842 पेयजल स्कीमें बंद पड़ गई हैं।
यह भी पढ़े:हिमाचल में बारिश से अब तक लोनिवि को 27 करोड़ का नुकसान, 301 सड़कें हुई बंद
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान धर्मशाला में सर्वाधिक 106 मिलीमीटर वर्षा हुई है।
वहीं वर्षा के बाद नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ गया है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से एहतियात बरतने और नदी-नालों के किनारे न जाने की अपील की है। मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में अगले चार दिन भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को नदी नालों से दूर रहने के साथ लैंडस्लाइड से बचने की सलाह दी गई है।