-
Advertisement
विपक्षी दलों की मीटिंग शुक्रवार को, महबूबा, ममता-केजरीवाल पटना आएंगे
Last Updated on June 22, 2023 by sintu kumar
पटना। आगामी लोकसभा चुनाव (Loksabha Election 2024) में बीजेपी के खिलाफ एकजुट विपक्ष की रणनीति (Unified Opposition) बनाने को लेकर प्रमुख विपक्षी दलों के नेता शुक्रवार को यहां जुटेंगे। बैठक यहां मुख्यमंत्री आवास में होगी। बैठक में पांच राज्यों के मुख्यमंत्री और कई पूर्व मुख्यमंत्री शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में किसी भी राजनीतिक दल के व्यक्तिगत एजेंडा पर बात नहीं होगी। केवल बीजेपी (BJP) के खिलाफ साझा उम्मीदवार खड़ा करने पर चर्चा होनी है।
पार्टियां इस मकसद के साथ अपने लिए साझा न्यूनतम कार्यक्रम (Common Minimum Program) तय कर सकती हैं। बातचीत का प्रमुख एजेंडा ‘भाजपा हराओ’ का संकल्प हो सकता है। PDP नेता महबूबा मुफ्ती (Mehbooba Mufti) गुरुवार सुबह पटना पहुंच गई हैं। दिल्ली के CM केजरीवाल, ममता बनर्जी, भगवंत मान समेत कई नेता भी गुरुवार को यहां पहुंच जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, राहुल गांधी (Rahul Gandhi), शरद पवार समेत कुछ नेता शुक्रवार को आएंगे।
पोस्टरों से सजा पटना
विपक्षी दलों की महाजुटान से पहले पटना (Patna) की सड़कों पर कई जगह बड़ी-बड़ी होर्डिंग्स और पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक बड़ा पोस्टर पटना के मध्य में बीरचंद पटेल पथ पर उनकी पार्टी जेडीयू के मुख्यालय के बाहर लगाया गया है। उस पोस्टर पर संदेश लिखा हुआ है, “मन की नहीं, काम की”, जो स्पष्ट रूप से प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम पर कटाक्ष है। इस पोस्टर के साथ एक बैनर है, जिस पर लिखा है: “आगाज़ हुआ, बदलाव होगा।”
इंदिरा के खिलाफ बिगुल यहीं फूंका गया
बिहार को लोकतंत्र के प्रयोग की धरती कहा जाता है। केंद्र की पहली गैर कांग्रेस सरकार बनाने की बुनियाद और तत्कालीन केंद्र सरकार को उखाड़ फेंकने की शुरुआत 1974-75 में बिहार की धरती से ही हुई थी। तब जेपी (जयप्रकाश नारायण) ने केंद्र की इंदिरा गांधी के शासन के खिलाफ बिगुल फूंका था और 1977 में पहली बार मोरारजी देसाई के नेतृत्व में गैर कांग्रेसी सरकार बनाई थी। तब संयुक्त बिहार की 54 लोकसभा सीटों में से 52 पर भारतीय लोक दल ने जीत तय की थी। एक पर जनता कांग्रेस और एक पर निर्दलीय ने जीत हासिल की थी। तब भारतीय लोक दल, जनसंघ और कांग्रेस (ओ) ने मिलकर जनता पार्टी का गठन किया था लेकिन चुनाव BLD के ही सिंबल पर लड़ा था।