-
Advertisement
मॉनसून के लिए एक पखवाड़े और इंतजार, 20 जून के बाद देगा दस्तक
Last Updated on June 7, 2023 by saroj patrwal
शिमला। हिमाचल में मॉनसून (Monsoon) का इंतजार इस बार लंबा होने वाला है। मौसम विभाग ने केरल में अगले 48 घंटे में मॉनसून के आने की उम्मीद जताई है। आमतौर पर 1 जून को केरल (kerala) में मॉनसून आ जाता है, लेकिन इस बार 9 दिन की देरी हुई है। इसी के साथ मॉनसून के आने की तारीख कुछ आगे खिसक गई है। अनुमान है कि हिमाचल (Himachal Pradesh) में मॉनसून 20 जून के बाद ही दस्तक देगा। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में राज्य में मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है।
राज्य में पारा इस दौरान गिरा रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र (Met) के निदेशक सुरेंद्र पाल ने कहा कि अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है, जिससे पारा नीचे आएगा। उसके बाद अगले एक सप्ताह तक ज्यादा बारिश होने की उम्मीद नहीं है। मई माह में पश्चिमी विक्षोभ (western disturbances) अधिक सक्रिय होने के कारण वैसे ही प्रदेश भर में 84% ज्यादा बारिश हुई है, जिसने 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है।
मॉनसून की रफ्तार पर सब-कुछ निर्भर
उन्होंने बताया कि केरल में मॉनसून आने के बाद उसकी उत्तर भारत की तरफ आगे बढ़ने की रफ्तार परिस्थितियों पर निर्भर करती है। इसी के आधार पर तय होगा कि हिमाचल प्रदेश में मॉनसून कब दस्तक देगा। अमूमन हर साल 22 जून के बाद ही मानसून हिमाचल प्रदेश में दस्तक देता है। उन्होंने कहा कि इस साल हिमाचल प्रदेश मे मानसून के हल्के रहने की संभावना है। फिर भी जब तक मॉनसून प्रदेश में दस्तक नहीं देता कुछ नहीं कहा जा सकता है।
यह भी पढ़े:सराज और नेरवा में मटर, सेब जैसी फसलों पर ओले की मार