Love Jihad in UP: लव जिहाद में एक और गिरफ्तारी, प्रेम जाल में फंसाकर लड़की पर धर्म परिवर्तन का दबाव का आरोप

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा कुछ दिनों पहले ही राज्य में कथित लव जिहाद के खिलाफ नया कानून बनाया गया है। इसी कानून के तरह यूपी में एक और गिरफ्तारी का मामला सामने आया है। डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर


लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में बनाये गये कथित लव जिहाद कानून के तहत राज्य में एक और आरोपी की गिरफ्तारी की गयी है। इस मामले में आरोपी युवक पर एक लड़की को प्रेम जाल में फंसाने और उस पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया है।

यह मामला उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के धामपुर थाना क्षेत्र का है। नया कानून बनने का बाद बिजनौर जिले में लव जिहाद का यह दूसरा मामला है। बताया जाता है कि धामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में साकिब नामक एक युवक एक दलित लड़की को अपना नाम सोनू बताया और उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया। यह लड़की नाबालिग है। प्रेमजाल में फंसाकर आरोपी युवक नाबालिग लड़की को भगाकर ले गया। 

पीड़ित लड़की के परिजनों ने साकिब उर्फ सोनू के खिलाफ स्थानीय पुलिस थाने में तहरीर देते हुए उस उनकी नाबालिग लड़की का जबरन धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि युवक ने अपना वास्तविक धर्म छिपाकर नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फंसाया।

जबरन धर्म परिवर्तन करवाने और शादी दबाव बनाने के आरोपों में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के बाद लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय कुमार का कहना है कि आरोपी युवक के खिलाफ पोस्को और एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।










संबंधित समाचार